अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर विशेष
-खेल, सिविल परीक्षा, अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में नाम रोशन कर रही बेटियां
-बेटों से पीछे नहीं रहीं बिजनौर की बेटियां
फोटो..
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बेटियों का हौसला बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। बिजनौर की बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षा, सिविल परीक्षा, खेल में जनपद की बेटियां फलक पर चमक रहीं हैं।
यूपीएससी टॉप कर श्रुति ने किया नाम रोशन
बिजनौर में थाना चांदपुर के गांव बास्टा निवासी सुनील दत्त शर्मा की बेटी श्रुति शर्मा ने साल 2022 में यूपीएससी टॉप कर जनपद का नाम रोशन किया। श्रुति शर्मा के परिवार में डॉक्टर और इंजीनियर हैं। श्रुति अलग राह पकड़कर राष्ट्रीय स्तर पर छा गई। श्रुति ने कला वर्ग चुनकर इतिहास पढ़ा और सिविल सर्विसेज में सफलता हासिल की।
वर्ल्ड कप क्रिकेट टीम का हिस्सा रहीं मेघना
कोतवाली देहात निवासी मेघना सिंह ने क्रिकेट में अपने प्रदर्शन के दम पर जनपद का नाम विश्व पटल पर चमकाया है। 2021 में हुए ऑस्ट्रेलियाई दौरे में वह सबसे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चुनीं गई। वह वर्ल्ड कप की टीम की सदस्य भी रहीं। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम विजेता रही थी। इसके बाद राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली टीम की भी मेघना सिंह सदस्य रहीं।
तीरंदाजी में दर्जनभर से अधिक पदक जीत चुकी है निष्ठा
कोतवाली देहात के गांव शादीपुर निवासी निष्ठा गुप्ता का हाल ही में गोवा में होने वाले नेशनल गेम्स के लिए उत्तर प्रदेश की सीनियर तीरंदाजी टीम में चयन हुआ है। निष्ठा गुप्ता कंपाउंड वर्ग में खेलती है। निष्ठा अब तक लगभग दर्जनभर पदक जीत चुकी है। पिछले वर्ष जौनपुर में आयोजित हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में निष्ठा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।
मानवी ने क्रिकेट में बनाई अपनी विशेष पहचान
बिजनौर के बकली निवासी मानवी ठाकुर ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। मानवी वर्ष 2017 से अंडर-17 वर्ग में क्रिकेट खेल रही है। मानवी अपनी टीम में अच्छी गेंदबाजी के लिए जानी जाती है। स्टेडियम में रोजाना लड़कों के साथ अभ्यास कर खुद की प्रतिभा को निखार रही है।
शूटिंग के क्षेत्र में नाम रोशन कर रही ख्याति
बिजनौर के गांव स्वाहेड़ी निवासी ख्याति चौधरी शूटिंग में जिले में का नाम रोशन कर रही है। जूनियर वर्ग में वर्ल्ड शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी है। साल 2016 से शूटिंग की तैयारी कर रही है। निशानेबाजी कर ख्याति विश्व स्तर पर बिजनौर का नाम रोशन करेगी।
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
बिजनौर के गांव करौली निवासी नेहा कबड्डी खिलाड़ी है। नेहा अंडर-19 वर्ग में जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में खेल चुकी है। साल 2017 से तैयारी कर रही है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कई बार हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन किया।