बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर सब्जी मंडी के सामने एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार 10 साल के बालक की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव फरीदपुर भोगनवाला निवासी इकबाल सोमवार को अपनी पत्नी नसरीन, अबु तल्हा (10) और बेटी मरियम (6) को लेकर अपने ससुराल गया था। देर शाम इकबाल, पत्नी और दोनों बच्चों के संग बाइक पर सवार होकर अपने घर के लिए निकला। उनकी बाइक बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर सब्जी मंडी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दंपती और उनके दोनों बच्चे घायल हो गए।
मौके पर पहुंची शहर कोतवाल पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने अबुतल्हा को मृत घोषित कर दिया। उधर, मृतक बालक के माता-पिता और उसकी छोटी बहन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से भाग निकला।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडे ने बताया कि हादसे में 10 साल के बालक की मौत हुई है। एक बच्ची समेत तीन घायल हैं। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।