नहटौर में शिक्षामित्र रानू की हत्या उसके चचेरे भाई विक्की ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
31 मई की रात सलेमपुर निवासी शिक्षामित्र रानू पुत्र शीशराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा वीर सिंह ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना में सीडीआर आदि के आधार पर मृतक के चचेरे भाई विक्की कुमार पुत्र वीर सिंह का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में विक्की ने बताया कि घटना में उसका दोस्त सागर पुत्र टेकचन्द निवासी ग्राम बैरमावाद गढ़ी थाना नहटौर भी शामिल था। उसके कहने पर सागर ने ही रानू की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने सागर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा उसके कमरे से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
हत्या से पहले पिता-पुत्र को पिलाई शराब
आरोपी विक्की ने पूछताछ में बताया कि रानू की पत्नी से उसकी मित्रता हो गई थी। वे आपस में बात करने लगे। रानू की पत्नी ने उसे बताया था कि रानू उसके साथ मारपीट करता है। कहा था कि वह रानू को रास्ते से हटा दे तो उनका काम आसान हो जायेगा। विक्की ने अपने मित्र सागर के साथ मिलकर योजना बनाई। 31 मई की रात्रि को विक्की और सागर ने पहले रानू के पिता शीशराम को शाम के समय दारू पिलवाई और रात को शीशराम व रानू के सो जाने के बाद घर में घुस गए। विक्की बाहर की तरफ निगरानी करने लगा। सागर ने तमंचे से रानू को गोली मार दी थी।