अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा बिजनौर रेलवे स्टेशन
बिजनौर। बिजनौर रेलवे स्टेशन की सूरत बदलने जा रही है, यह स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। प्लेटफार्म की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। भवन भी नया बनाया जाना है। आठ महीनों में धरातल पर काम दिखाई देने लगेगा। यह बात केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेसवार्ता के दौरान कही। इससे पहले उन्होंने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
दो दिवसीय दौर पर आए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार की सुबह स्पेशल ट्रेन से बिजनौर रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां भाजपा नेताओं ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। रेल मंत्री को पुलिस ने गार्ड ऑफ आनर दिया। स्काउट एवं गाइड ने भी उनका स्वागत किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए माल गोदाम, फुटओवर ब्रिज का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद रेल मंत्री का काफिला भाजपा कार्यालय पहुंचा। जहां प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि स्टेशन और ट्रेनों के लिए रोड मैप तैयार किया जा रहा है। बिजनौर रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। कहा कि जनप्रतिनिधियों से जानकारी मिली है कि बिजनौर से लखनऊ और दिल्ली के लिए एक एक ट्रेन चलती है। ट्रेनों की संख्या बढ़वाने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नार्दन कारिडोर तैयार हो रहा है, जिसके बाद ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। एक साल बाद नई ट्रेन मिलेंगीं, मुंबई को सीधी ट्रेन के बारे में भी देखा जाएगा।
ओवरब्रिज निर्माण की जगी आस, होगा सर्वे
बिजनौर। नगीना रोड के रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज निर्माण की आस जगी है। दरअसल रेल मंत्री ने ओवर ब्रिज के निर्माण को प्रस्ताव और सर्वे कराने के लिए निर्देश मंडल रेल प्रबंधक को दिए हैं।
मंगलवार को जिले में रेल मंत्री पहुंचे तो उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल गांधी मार्केट के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। जिसमें रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले जाम की समस्या को उठाया। कहा कि फाटक की वजह से बच्चे स्कूल में समय पर नहीं पहुंच पाते हैं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को भी देर हो जाती है। वहीं मालगोदाम को दस किमी दूर झालू हाल्ट पर शिफ्ट किए जाने का मुद्दा उठाया। रेल मंत्री ने व्यापारियों की मांग पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, वहीं उन्होंने डीआरएम को नगीना रोड के रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज निर्माण का सर्वे कराने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में रजनीश अग्रवाल, नीरज चौधरी और केके अग्रवाल आदि शामिल रहे।
मेरठ से बिजनौर तक रेल लाइन के लिए होगा सर्वे
बिजनौर। बिजनौर से मेरठ तक वाया हस्तिनापुर तक रेल लाइन बिछाने की मांग दशकों से चली आ रही है। कई बार सर्वे भी हो चुका है। लेकिन रेल लाइन धरातल पर नहीं उतर सकी। अब फिर से रेल मंत्री ने सर्वे कराने की बात कही है।
रेल मंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि अभी तक मेरठ से हस्तिनापुर तक रेल लाइन के लिए सर्वे होना था, जिसे अब बिजनौर तक बढ़ा दिया गया है। अब मेरठ से वाया हस्तिनापुर बिजनौर तक रेल लाइन का सर्वे किया जाएगा। जिसमें ट्रैफिक कैसा है, यह देखा जाएगा। बता दें कि पहले भी सर्वे हो चुका है। जिसमें बिजनौर से हस्तिनापुर होते हुए दौराला तक रेल लाइन बनाने की बात कही गई थी। बाद में यह रेल लाइन ठंडे बस्ते में डाल दी गई।
इन्होंने किया स्वागत
रेलवे स्टेेशन पर जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद राजा भारतेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, सदर विधायक सूचि चौधरी, भाजपा नेता मौसम चौधरी आदि ने स्वागत किया।
डटे रहे रेलवे के अफसर और कर्मी
रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे अफसरों का पूरा अमला डटा रहा। जिनमें रेलवे के महा निदेशक आशुतोष गंगल, अपर मंडल रेल व्यवस्थापक (ऑपरेशन) राकेश सिंह, वरिष्ठ डीसीएम सुधीर सिंह, ब्रांच अफसर, मुख्यालय के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।