बिजनौर। बीते माह में डाटा फीडिंग के मामले में बिजनौर पुलिस ने प्रदेश के 72 जिलों को पछाड़ते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सूबे में तीसरे स्थान तक पहुंचाने में मेहनत करने वाले 39 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश स्तर पर रैंक के आंकड़े जारी किए गए तो यह तस्वीर साफ हुई। जिस पर एसपी दिनेश सिंह और सीसीटीएनएस के नोडल अफसर एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने सभी कर्मियों को बधाई दी। एएसपी सिटी ने बताया कि डीसी दीपक सिंह ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए सभी थानों पर समय से ऑनलाईन डाटा फीड कराया। जिससे माह दिसंबर में सूबे के सभी जनपदों की रैंकिंग में बिजनौर को तीसरा स्थान मिला है। थानों का डाटा प्रतिदिन लिंक कराना, कर्मचारी सत्यापन, चरित्र सत्यापन, किराएदार सत्यापन आदि सिटीजन सर्विसेज के आवेदनों का समय से गुणवत्तापूर्वक निस्तारण समेत छह बिन्दुओं पर यह रैंक तय की जाती है। जिसके चलते सोमवार को एएसपी सिटी ने दीपक सिंह, अमित गर्ग, राहुल चौहान, मोहम्मद इस्लाम आदि समेत 39 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।