ट्रेन हादसे में मरने वाले दंपती
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव झीरन निवासी दंपती व उनकी तीन माह की मासूम पुत्री की पंजाब में ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजन शव लेने पंजाब गए हैं।
गांव झीरन निवासी राजू सिंह चंडीगढ़ के मक्खन माजरा में रहकर कार चलाता था। वह अपनी पत्नी मोनिका व तीन माह की पुत्री के साथ वहीं रहता था। परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम तीनों घर आने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। बताया जाता है कि रेलवे स्टेशन के लिए पति-पत्नी ने शॉर्टकट रास्ता ले लिया और उस रास्ते पर पड़े आउटर से लाइन पार करते समय तीनों की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
जीआरपी की जांच के आधार पर उनकी पहचान हुई। घटना की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव से लोग चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी का पोस्टमार्टम हो रहा है। रात में किसी समय वह तीनों के शव लेकर गांव पहुंचेंगे।