उत्तर प्रदेश बिजनौर के नूरपुर थानाक्षेत्र में रविवार की देर शाम मुरादाबाद रोड पर एक सांड ने बाइक पर सवार वृद्ध को उठाकर सड़क पर पटक दिया। सिर में चोट लगने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा वृद्ध का पौत्र हमले में बाल-बाल बच गया।
मूल रूप से ग्राम पुरैना अब्दुल रहमानपुर निवासी रघुवीर सिंह परिवार सहित नूरपुर के मोहल्ला शाहीदनगर में रहते हैं। रविवार को वह अपने पौत्र मनीष के साथ मुरादाबाद जनपद के कांठ में अपनी धेवती की गोद भराई में शामिल होने गए थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News: हाजी याकूब की संपत्ति का पूरा ब्योरा तैयार, करोड़ों की प्रॉपर्टी पर जल्द चलेगा बुलडोजर
वहां से वापस लौटते हुए ग्राम हंसुपुरा के पास सड़क पर टहल रहे आवारा गोवंश को देखकर मनीष ने बाइक रोक ली। इस दौरान वहां मौजूद एक सांड ने उनकी बाइक पर हमला बोल दिया।
सांड ने रघुवीर सिंह को उठाकर सड़क पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से रघुवीर (70) की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
मौके पर पहुंचे परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। ग्रामीणों के अनुसार छुट्टा सांड हिंसक हो चुके हैं और आए दिन हमला करते रहते हैं। रघुवीर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।