गांव करौली के पास कार की टक्कर लगने से बाइक सवार हलीमा की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और कार चालक को हिरासत में ले लिया। महिला के परिजनों ने कोई तहरीर देने से इंकार कर दिया।
नगीना देहात के गांव झक्काकी भदौला निवासी नौशाद और शारिक अपनी रिश्तेदार महिला हलीमा (38) पत्नी रईस के साथ बाइक से मंडावली के गांव करौली जा रहे थे।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव करौली स्थित एक रेस्टोरेंट के निकट यू- टर्न पर मुड़ते समय बाइक और कार में टक्कर हो गई। कार नजीबाबाद की दिशा से भागूवाला की ओर जा रही थी। बाइक से गिरकर हलीमा बुरी तरह घायल हो गईं। हलीमा को पास ही स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं बाइक सवार दोनों युवकों को उपचार के लिए मंडावली क्षेत्र के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंडावली के थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि परिजन हलीमा की मौत पर कोई कार्रवाई न करने की बात कहते हुए शव अपने साथ ले गए। पुलिस ने कार को चालक समेत अपने कब्जे में ले लिया है।