यूपी के 9 शहरों को जाम की समस्या से शीघ्र ही निजात मिलेगी। इसके लिए बाईपास और रिंग रोड का निर्माण होगा। इन पर कुल 671 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
बिजनौर में मुरादाबाद-देहरादून मार्ग पर बाईपास के निर्माण के लिए 65.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी लंबाई 9 किमी है। बिजनौर में ही चिड़ियापुर समीपुर नहर सेवा मार्ग को चौड़ा करने पर 49.65 करोड़ रुपये का व्यय किया जाएगा, ताकि 9.70 किमी लंबे मार्ग पर यातायात सुगम हो सके।
मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसको देखते हुए वहां कोसी बाईपास मार्ग के निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी कुल लंबाई 1.9 किमी है।
मैनपुरी और एटा के लिए भी भारी-भरकम राशि दी गई है। मैनपुरी शहर में दक्षिणी बाईपास चार लेन का निर्माण किया जाएगा। इस बाईपास की लंबाई 20 किमी है और निर्माण पर लागत 184.24 करोड़ रुपये आएगी। एटा में छिछैना तक बाईपास के नवनिर्माण पर 162.13 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना की लंबाई 26.250 किमी है।