नगीना के गांव तेलीपुरा में मकान की छत से गिरकर बसपा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार के बड़े भाई मगन कुमार की मौत हो गई। वह रात में अपने परिचित के घर की छत पर सोए हुए थे। बताया जा रहा है कि रात में लघुशंका के लिए उठे, तो नींद में पैर फिसलने से मौत हो गई।
मंगलवार रात्रि क्षेत्र के ग्राम तेलीपुरा के प्रधान ने पुलिस को गांव की एक गली में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान ग्राम धर्मपुरा निवासी मगन कुमार (50) के रूप में की। मगन मंगलवार को गांव तेलीपुरा निवासी अपने परिचित महिपाल के घर आए थे।
सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि दोनों रात्रि में घर की छत पर ही सो गए। आशंका व्यक्त की जा रही है कि रात में किसी समय लघुशंका जाने के दौरान नींद में मगन घर की छत से नीचे सड़क पर गली में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घर की छत पर रेलिंग नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया है।
उधार के रुपये लेने गए थे मगन सिंह
बसपा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार उर्फ पिंटू ने बताया कि मगन सिंह उनके बड़े भाई थे। वे सफाई कर्मी के पद पर किसी गांव में कार्यरत थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार को उनके भाई अपने उधार के रुपये लेने के लिए महिपाल के घर गए थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंतिम संस्कार के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।