रामपुर में आबादी में घूम रहे और उत्पात मचा रहे गुलदार को जिला बदर कर दिया गया। वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ पिंजरे में बंद कर दिया। सोमवार को उसे रामपुर से लाकर अमानगढ़ में छोड़ा गया। अब यह गुलदार यहीं पर रहेगा और रामपुर से हमेश के लिए जिला बदर हो गया।
रेंजर स्वार जिला रामपुर मुजाहिद हुसैन ने बताया की रविवार की सुबह एक गुलदार स्वार के गांव पैगम्बरपुर शिवपुरी के आंगनबाड़ी केंद्र के पास आ धमका। गुलदार को देख ग्रामीणों के होश फाख्ता हो गए। बचकर भाग रहे एक व्यक्ति पर गुलदार ने हमले का प्रयास भी किया। बाद में गुलदार आंगनबाड़ी केंद्र में जा छुपा। ग्राम प्रधान ने सूचना वन विभाग को दी। हालांकि इससे पहले पिछले कई दिनों से गुलदार के गांव के आसपास खेतो में देखा जा रहा था।
मौके की नजाकत को देखते हुए वन विभाग ने जाल व पिंजरा लगा दिया। घंटों की मशक्कत के बाद आखिर गुलदार जाल में कैद हो गया। रेंजर के अनुसार नर गुलदार की आयु लगभग पांच वर्ष है। इसके बाद वन विभाग के अफसरों ने गुलदार को रामपुर से दूर भेजने पर मंथन किया और बाद में उसे अमानगढ़ के जंगल में छोड़े जाने की सहमति बनी।
सोमवार को डीएफओ रामपुर राजीव कुमार, डॉ. दक्ष गंगवार पीलीभीत टाइगर रिजर्व व रेंजर स्वार आदि गुलदार को लेकर अमानगढ़ पहुंचे तथा कम्पार्ट तीन बी में उसे छोड़ दिया। इस मौके पर रेंजर अमानगढ़ राकेश कुमार शर्मा व सहयोगी वन कर्मी मौजूद रहे। गुलदार के आतंक से निजात मिलने पर ग्रामीणों व वनकर्मियों ने राहत की सांस ली है। एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि अब गुलदार को अमानगढ़ के जंगल में छोड़ दिया गया है। गुलदार पिंजरा खुलते ही जंगल की ओर दौड़ गया।