कोतवाली देहात क्षेत्र में जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला को सांप ने डस लिया। उपचार के लिए कई स्थानों पर ले जाने के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से महिला के परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव नरूल दहरपुर उर्फ मिर्जापुर निवासी मुन्नी देवी (57) रविवार सुबह अपने पति जगदीश के साथ जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। खेत में काम करते समय अचानक एक सांप ने उनके हाथ की उंगली में डस लिया। मृतका के जेठ के बेटे प्रदीप कुमार ने बताया कि सांप के काटने के बाद पति और खेत में काम कर रहे अन्य लोग मुन्नी देवी को आनन-फानन गांव दौलताबाद के एक सपेरे के पास ले गए। वहां सपेरे ने महिला को मृत बता दिया।
इसके बाद परिजन महिला के शव को बिजनौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अंततः परिजन शव को कोतवाली देहात और नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां भी महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।