- कार्तिक पूर्णिमा पर विदुरकुटी के पास लगने वाले गंगा स्नान मेले की तैयारियां पूरी
- बुधवार को स्नान घाट समतल करने के लिए चलाए गए ट्रैक्टर
- सजने लगीं दुकानें, सामान लेकर पहुंचे दुकानदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/गंज दारानगर। कार्तिक पूर्णिमा पर भागीरथी के तट पर लगने वाले गंगा स्नान मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 23 नवंबर को मेेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। दुकानदार मेला स्थल पर पहुंचकर अपनी अपनी दुकानों को सजाने में लगे हैं। मेले में श्रद्धालुओं ने अपनी जगह का चुनाव कर तंबू लगना शुरू कर दिया है।
बुधवार को एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सीओ सिटी अनिल कुमार और जिला पंचायत के अभियंता कपिल देव ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने जिला पंचायत को सुझाव दिया कि गंगा के गहरे जल में लोगों को जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई जाएं। इसके साथ सभी सात सेक्टर में बनाई गई पुलिस चौकियां का भी जायजा लिया।
मनोरंजन की पूरी तैयारी
मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे बड़े झूले भी लगे हैं। दुकानें लगनी शुरू हो गई है। विभिन्न संगठनों के लोगों ने अपने-अपने बैनर भी लगा दिए हैं। मेले को बिजली व रंग-बिरंगे पर्दों से सजा दिया गया है। बुधवार की दोपहर तक मेले में चाय, पान बीड़ी और दो होटल भी चालू हो गए। 50 से अधिक दुकानदार टमोटी बनाकर दुकान सजाने में लगे हुए थे।
पुलिस के साथ साथी पीएसी भी रहेगी तैनात
मेले में देर शाम पुलिस फोर्स भी पहुंचने लगी थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा दृष्टि को लेकर पांच निरीक्षक, 22 सब इंस्पेक्टर, तीन महिला सब इंस्पेक्टर, 142 कांस्टेबल हेड कांस्टेबल, 66 महिला कांस्टेबल और एक प्लाटून पीएससी की तैनाती की गई है। इनके अलावा पीएसी के गोताखोरों के साथ साथ दमकल की गाड़ी भी मेले में मौजूद रहेगी। जाम नहीं लगने पाए, इसके लिए यातायात पुलिस को तैनात किया गया है।