- इन किसानों ने नहीं कराया अभी गाटा संख्या का मिलान
- गन्ना विभाग ने फर्जीवाड़े को रोकने के लिए उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। करीब नौ हजार किसानों के गन्ना सट्टे पर तलवार लटकी हुई है। इन सट्टों को कभी भी बंद किया जा सकता है। दरअसल, गन्ना सट्टा संचालन में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए गाटा संख्या का मिलान चल रहा है। गन्ना समिति बिजनौर क्षेत्र के अभी नौ हजार किसानों के गाटा संख्या का मिलान नहीं हुआ है। समय से गाटा संख्या का मिलान नहीं होने से गन्ना सट्टा बंद हो जाएंगे।
गन्ना समिति बिजनौर में करीब 58 हजार गन्ना आपूर्ति वाले किसान सदस्य हैं। इनमें से करीब 9000 किसानों ने अभी अपने गाटा संख्याओं का गन्ना सट्टे से मिलान नहीं कराया है। गन्ना सट्टे में किसान के खेतों में खड़ी गन्ना फसल और जमीन का क्षेत्रफल दर्ज कराने का कार्य तेजी से चल रहा है। अभी तक गन्ना सट्टे में किसान के सारे गाटा संख्या अंकित नहीं होते थे। अब किसानों की जमीन के गाटा संख्या सट्टे में दर्ज होने से पता चल जाएगा कि किसान के पास कितनी भूमि है, साथ ही कितनी जमीन किस मौजे में है। उसके हिसाब से ही गन्ना आपूर्ति होगी। गन्ना विभाग की ओर से गन्ना पर्यवेक्षक किसानों से संपर्क कर गाटा संख्या का मिलान कर रहे हैं। अफसरों के अनुसार किसान वेबसाइट पर जाकर भी स्वयं गाटा संख्या का मिलान कर सकते हैं।
कोट
गाटा संख्या मिलान का कार्य चल रहा है। किसान गन्ना सट्टे में दर्ज जमीन के अनुसार अपनी जमीन की गाटा संख्या (फर्दों) का गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर मिलान करा लें। ताकि उन्हें आगे कोई परेशानी न हो - दालेश्वर मिश्र, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, बिजनौर