जोगीरम्पुरी दरगाह पर सुंदरीकरण का कार्य शुरु
नजीबाबाद। जोगीरम्पुरी दरगाह पर कमेटी के पदाधिकारियों ने शनिवार को विकास कार्यों की नींव रखकर सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया। प्रदेश सरकार की ओर से दरगाह के विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये के बजट को मंजूरी मिली है।
दरगाहे आलिया नफज-ए-हिंद जोगीरम्पुरी कमेटी के अध्यक्ष इरम जैदी ने पदाधिकारियों की उपस्थिति में दरगाह पहुंचकर पार्क के निर्माण कार्य की नींव रखी। इरम जैदी ने बताया कि मुख्य पर्यटन संवर्धन योजना के तहत दरगाह के विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। जिससे दरगाह पर पार्क, इंटर लॉकिंग, टाइल्स, सीसी रोड एवं शौचालयों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जोगीरम्पुरी दरगाह पर प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में जयरीन पहुंचते हैं। कमेटी के पदाधिकारी जायरीनों को दरगाह पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। बजट मिलने से दरगाह के विकासकार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि जल्द दरगाह पर पार्क, पक्की सड़कें, इंटरलाकिंग और शौचालय का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर मीर शादिक, मोलाना आबिद मेहंदी, पूर्व सह सचिव अली अशरफ, मो. हैदर, जिया अब्बास आदि मौजूद रहे।