बूस्टर डोज में पिछड़ा जिला, प्रदेश में 51वीं रैंकिंग
बिजनौर। जिला बूस्टर डोज के मामले में पिछड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग जिले में वैक्सीनेशन की स्थिति अच्छी होने का दावा कर रहा है, लेकिन आंकड़े कुछ और ही गवाही दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक बिजनौर व्यस्कों की बूस्टर डोज में प्रदेश में 51वें स्थान पर है।
जिले में 15 जुलाई से 18 से 44 साल तक के लोगों को बूस्टर डोज लग रही है, लेकिन वैक्सीनेशन के मामले में जिला काफी पीछे चल रहा है। जिले में 26,39,247 लोगों को बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिनमें 18 साल से ऊपर वाले सभी लोग शामिल हैं। हालांकि अभी तक कुल 67405 लोगों को ही बूस्टर डोज लगी है। जो कुल लक्ष्य का 2.55 प्रतिशत है। इसके साथ ही जिले में वैक्सीन का भी टोटा चल रहा है। जिसका सीधा असर टीकाकरण अभियान पर पड़ रहा है। वैक्सीन न होने की वजह से जिले में रोजाना करीब ढाई हजार लोगों को ही बूस्टर डोज लग रही है। जिसके चलते प्रदेश में जिले के टीकाकरण का स्तर लगातार गिर रहा है।
जिले में ये है वैक्सीन की स्थिति
जिले में वैक्सीन की स्थिति अच्छी नहीं है। जिले में इस समय कोवैक्सीन की 11990 डोज बची हुई हैं। जबकि कोविशील्ड की 2450 डोज बाकी हैं। कोर्बेवैक्स की भी 3350 डोज ही शेष रह गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि स्टेट से वैक्सीन नहीं मिल पा रही है। जिसकी वजह से जिले में वैक्सीनेशन नहीं बढ़ रहा है। जो वैक्सीन आई थी, वो लगा दी गई हैं। वैक्सीन कम होने से कुछ केंद्रों पर ही टीकाकरण किया जा रहा है।