जिले में 10 लाख लोगों का नहीं बना आयुष्मान कार्ड
बिजनौर। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का लाभ ज्यादातर लाभार्थी नहीं ले पा रहे हैं। इसका जवाब स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़े दे रहे हैं। जिले में अभी तक करीब 10 लाख लोगों ने आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है। स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान कार्ड बनाने के दावे तो कर रहा है, लेकिन योजना के पात्र लोगों तक पहुंच नहीं रहा।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 14 लाख 35 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मगर अभी तक करीब चार लाख 35 हजार लोगों के ही आयुष्मान कार्ड बने हैं। जिससे साफ पता चल रहा है कि जिले के करीब 10 लोगों का अभी आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। सरकार की ओर से लक्ष्य तो रख दिया गया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग लक्ष्य पूरा करने में असमर्थ दिखाई दे रहा है। जिससे स्वास्थ्य विभाग के सारे दावे खोखले नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के भी दावे किए जा रहे हैं। जिले में अंत्योदय योजना के 64 हजार से अधिक लाभार्थी हैं। जिसके चलते आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 20 जुलाई तक पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके साथ ही जिलेभर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए रोजाना 50 कैंप लगाए जा रहे हैं। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर भी लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
पूरी कोशिश कर रहा स्वास्थ्य विभाग : डॉ. नताशा
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नताशा ने बताया कि लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने को लेकर कम रुचि दिखा रहे हैं। कुछ लोग आयुष्मान कार्ड योजना को लेकर जागरूक नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में पूरी कोशिश की जा रही है।