- नौ अतिरिक्त पीएचसी पर ही तैनात हैं आयुर्वेदिक चिकित्सक
- 26 अतिरिक्त पीएचसी बिजनौर में हो रहीं संचालित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में 26 अतिरिक्त पीएचसी संचालित हो रही हैं। जिनमें से 17 अतिरिक्त पीएचसी पर आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात नहीं हैं। बिजनौर के केवल नौ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात हैं। अतिरिक्त पीएचसी पर आयुर्वेदिक चिकित्सकों की कमी से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिले की सभी अतिरिक्त पीएचसी पर एक-एक आयुर्वेदिक चिकित्सक के पद स्वीकृत हैं। मगर तैनाती सिर्फ नौ केंद्रों पर ही है। जिनमें से छह केंद्रों पर आयुर्वेदिक चिकित्सक नियमित और तीन केंद्रों पर संविदा पर तैनात हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मनगरी, गोहावर, शेखपुर चौहड़, हीमपुरदीपा, बेगमपुरशादी, झक्काकी में आयुर्वेदिक चिकित्सक नियमित तौर पर तैनात हैं। जबकि मानपुर शिवपुरी, फतेहपुर, नांगल में आयुर्वेदिक चिकित्सक संविदा पर तैनात हैं।
बालावाली, स्वाहेड़ी, कादराबाद, सुआवाला, शेरकोट, सरकड़ा, बुढ़नपुर, सहसपुर, ताजपुर, मोरना, झालू, रसूलपुर नंगला, नारायणखेड़ी, भनेड़ा, पुरैनी, टांडा माईदास, हरगनपुर में आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात नहीं हैं। यहां आसपास में कोई आयुर्वेदिक चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मरीज निजी या फिर दूर अस्पतालों में जाकर आयुर्वेदिक दवाई लेते हैं।
वर्जन
जिले के नौ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुर्वेदिक चिकित्सक की तैनाती है। बाकी जगह भी पद हैं, मगर शासन स्तर सेे अभी वहां कोई आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात नहीं है। कोशिश रहती है मरीजों को पास में इलाज मिल जाए - डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी