झांसे में लेकर चिकित्सक को ठगने का प्रयास
नजीबाबाद। नगर के एक चिकित्सक को साइबर ठगों ने ठगने का प्रयास किया, लेकिन सूझबूझ से उनका नुकसान होने से बच गया। रेलवे स्टेशन रोड स्थित दंत चिकित्सक राजीव अरोड़ा के मोबाइल फोन पर मंगलवार को एक फोन आया। फोन करने वाले ने स्वयं को विद्युत निगम का मीटर रीडर रमेश बताया। उसने कहा कि उनके साहब को दीपावली गिफ्ट के रूप में 32 हजार रुपये कीमत का एसी किसी ने दिया है। साहब के पास एसी है, इसलिए साहब एसी नहीं लेना चाहते। यदि आपकी इच्छा हो तो आपको एसी 20 हजार रुपये में उपलब्ध करा दिया जाएगा। चिकित्सक ने कहा कि वे रसीद के साथ एसी लेना चाहेंगे। तत्काल फोन करने वाले ने एसी चिकित्सक के घर पहुंचाने की बात कहते हुए उन्हें बैंक खाता नंबर देते हुए 20 हजार रुपये भुगतान भेजने को कहा। कुछ ही देर बाद उनके आवास पर हैलो एंटर प्राइजेज की ओर से एक व्यक्ति एसी लेकर पहुंच गया। चिकित्सक ने जब प्रतिष्ठान स्वामी से जानकारी की तो उन्हें बताया गया कि कुछ देर पहले आपने एसी बुक कराया था। मामले की सच्चाई जानने के बाद चिकित्सक ने एसी वापस कराया और पुलिस को मामले की जानकारी दी।