कम विद्यार्थी पंजीकृत होने का कारण पूछा
नजीबाबाद। सीडीओ पूर्ण बोरा ने सीमांत गांव मोटाढाक पूर्व माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण किया। सीडीओ ने विद्यालय में कम विद्यार्थी पंजीकृत होने पर कारण पूछा।
सीडीओ पूर्ण बोरा ने ग्राम पंचायत मोटाढाक के प्रधान सागर बडोला के साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जूनियर हाई स्कूल में मात्र छह विद्यार्थी पंजीकृत होने और चार विद्यार्थियों के उपस्थित मिलने पर सीडीओ ने मुख्य अध्यापक और शिक्षकों से जानकारी की। मुख्य अध्यापक नीरज शर्मा, शिक्षक पुष्पेंद्र पाल सिंह और दामोदर ने बताया कि मोटाढाक का कोई भी विद्यार्थी स्कूल में शिक्षा ग्रहण नहीं करते है। करीब सात किलोमीटर दूर कौड़िया क्षेत्र के विद्यार्थी स्कूल में पंजीकृत हैं। उन्हें भी स्कूल के ही शिक्षक अपने साथ लाते और ले जाते हैं।
ग्राम प्रधान सागर बडोला में लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी करीब एक दर्जन विद्यार्थी पंजीकृत होने की जानकारी दी। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से मोटाढाक स्थित स्कूल को कौड़िया क्षेत्र में शिफ्ट किए जाने की मांग की।