आसिफ हत्याकांड
- पांच घंटे की मशक्कत कर पुलिस ने एकत्र किए सभी अवशेष
- मुंबई में सैलून में काम करता था आसिफ, डेढ़ माह पहले ही आया था गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। आरोपी अयान ने दोस्त आसिफ से शराब पीने की इच्छा जाहिर करते हुए फोन कर घर से बुलाया। तालाब के पास शराब पी। इस जगह से करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। पांच बीघा क्षेत्रफल वाले खेत में शव के अवशेष दूर दूर पड़े मिले। कहीं सिर, कहीं धड़ तो हाथ और पैर भी अलग अलग पड़े मिले। पुलिस ने सिर्फ गर्दन पर ही चाकू से वार करने की बात कही है। बाकी के अवशेष को जंगली जानवरों द्वारा खींचकर इधर उधर करने का दावा किया है।
शनिवार की रात दस बजे आरोपी की निशानदेही पर पुलिस शव को बरामद करने जंगल में पहुंच चुकी थी। एएसपी देहात राम अर्ज, सीओ नगीना और कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर थे। रात में दस बजे से सुबह तीन बजे तक पुलिस गन्ने के खेत में शव ढूंढती रही। पुलिस ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के आसिफ के शरीर के अवशेष एक ही खेत में अलग अलग जगह से बरामद किए।
नौ दिनों से पथरा गई थी मां बाप की आंख
आसिफ मुंबई में रहकर एक सैलून पर काम करता था। वह डेढ़ महीना पहले ही गांव आया था। 26 जुलाई की शाम आसिफ घर से निकला था। उस रात मां बेटे का इंतजार करती रही। पूरी रात दरवाजा बंद नहीं किया। अगले दिन गांव के आस पास उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
अयान को पहले भी हिरासत में लेकर छोड़ चुकी थी पुलिस
सीडीआर के आधार पर पुलिस ने 29 जुलाई को अयान को हिरासत में लिया था लेकिन एक लकड़ी के ठेकेदार ने अयान को थाने से छुड़ा लिया था। मगर, परिजन लगातार थाने के चक्कर काटते रहे। शनिवार को लापता आसिफ के परिजनों ने एसपी से मुलाकात कर गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और शनिवार को दोबारा अयान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके चलते ही खुलासा हुआ।
लापता आसिफ का शव बरामद करते हुए हत्यारोपी अयान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में प्रयुक्त चाकू तमंचा और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। -राम अर्ज, एएसपी देहात