बिजनौर। कलक्ट्रेट सभागर में जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल लोकसभा चुनाव कराने से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने सभी एआरओ को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित मतदान केंद्रों पर वोटर सहायता बूथ एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने मतदान केंद्रों पर अपेक्षित रोशनी, स्वच्छ पेयजल, फर्नीचर, बिजली पंखे की निश्चित रूप से व्यवस्था कराने के लिए कहा। शहरी क्षेत्र में स्थापित मतदान केंद्रों में अधिशासी अभियंता नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खंड शिक्षा अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी व्यवस्था करेंगे। प्रत्येक मतदेय स्थल पर मोबाइल चार्जिंग के लिए पावर प्वाइंट लगाने के निर्देश दिए। पोस्टल बैलेट और ईडीसी मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां करने के लिए कहा। आरओ एवं एआरओं को निर्देश दिए कि चार से आठ अप्रैल तक सभी बूथ खुले हुए मिलें। क्योंकि इसी बीच सेक्टर मजिस्ट्रेट निरीक्षण करेंगे। इस मौके पर सीडीओ पूर्ण बोरा, एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी आदि मौजूद रहे।