रेल मंत्री ने संसद सदस्य अनिल बलूनी को ट्रेन संचालन का स्वीकृति का भेजा पत्र
वाया देवबंद, मुजफ्फरनगर और मेरठ से होते हुए दिल्ली जाएगी यह ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। कोटद्वार से वाया देवबंद, मुजफ्फरनगर और मेरठ से होते हुए दिल्ली के बीच जल्द ही नई ट्रेन का संचालन शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद सदस्य अनिल बलूनी को ट्रेन संचालन के संबंध में स्वीकृति पत्र भेजा है।
अमर उजाला ने 17 सितंबर के अंक में कोटद्वार से दिल्ली के बीच नई ट्रेन का संचालन जल्द शुरू होने की खबर प्रकाशित की थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से संसद सदस्य अनिल बलूनी को इस ट्रेन संचालन का स्वीकृति मिलने का पत्र भेजा है। रेल मंत्री ने कहा कि उनकी मांग पर ट्रेन संचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान की है। बता दें कि नई ट्रेन की स्वीकृति मिलने से देवबंद, मुजफ्फरनगर और मेरठ के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी।
संचालन की तिथि अभी जारी नहीं
हाल हीं में प्रस्तावित ट्रेन संचालन कार्यक्रम में रेलवे ने ट्रेन संचालन से संबंधित समय सारणी जारी की थी। मगर, ट्रेन कब से चलेगी, इसका अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। समय सारणी के अनुसार कोटद्वार से रोजाना रात्रि 10 बजे चलने वाली ट्रेन स्नेह रोड, नजीबाबाद, मौअज्जमपुर नारायण, लक्सर, टपरी, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ होते हुए प्रात: 04:35 बजे आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली पहुंचेगी। आनंद विहार टर्मिनल से रात्रि 09:45 बजे एक्सप्रेस ट्रेन चलकर प्रात: 03:50 बजे कोटद्वार पहुंचेगी। कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल के लिए जाते समय ट्रेन नजीबाबाद में रात्रि 11:50 बजे पहुंचेगी, जबकि आनंद विहार टर्मिनल से कोटद्वार के लिए आने वाली ट्रेन का नजीबाबाद स्टेशन पर पहुंचने का प्रस्तावित समय तड़के 02:55 बजे निर्धारित किया गया है।