राफ्टिंग कराने पहुंची एक्सप्लोर इंडियन एडवेंचर की अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही ज्ञान नंदनी व शुभम तोमर ने बताया कि राफ्टिंग के लिए कुल नौ लोगों की टीम लगाई गई है। इसमें दो गाइड हैं। फिलहाल छह किलोमीटर तक राफ्टिंग कर सकेंगे। इस मौके पर एसडीएम धामपुर ऋतु चौधरी, अफजलगढ़ सीओ अर्चना सिंह, पालिका ईओ सुरेंद्र प्रसाद, बीडीओ दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।
एक नौका में आठ लोग एक साथ बैठ सकेंगे
राम गंगा नदी में छह किलोमीटर तक राफ्टिंग का ट्रायल किया गया था, जिसे बढ़ाकर 10 किलोमीटर कटारमल वाले बाबा के पुल के समीप तक शुरू किया जाएगा। रविवार को इसका ट्रायल भी सफल हो गया है। अभी केवल एक चप्पू वाली बोट से ही राफ्टिंग होगी, जिसमें प्रति व्यक्ति 400 रुपये किराया होगा। एक नौका में आठ लोग एक साथ बैठ सकेंगे और साथ में एक गाइड रहेगा।
ग्रामीणों ने उठाई विकास की मांग
ग्राम पंचायत इस्लामनागर के ग्रामीणों ने डीएम को मांग पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने कालागढ़ से राम गंगा नदी तक लाइट की व्यवस्था और पक्का मार्ग बनाने की मांग की। साथ ही यहां स्थित छोटा पार्क में पर्यटकों के घूमने की अनुमति दी जाने की मांग की है।
राम गंगा नदी में राफ्टिंग शुरू हो गई है। रविवार को 10 किलोमीटर तक का ट्रायल सफल रहा। यहां पर्यटन हब बनाने की तैयारी है। अभी फिलहाल एक कंपनी आई है। बरसात के बाद दूसरी कंपनियों को भी यहां आमंत्रित किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिले। - अंकित कुमार अग्रवाल, डीएम, बिजनौर
मौसम ने बिगाड़ा हॉट एंड बैलून का खेल
राम गंगा नदी में रविवार से राफ्टिंग शुरू हो गई है। इसके अलावा यहां हॉट एंड बैलून शुरू करने की भी तैयारी थी। मगर, तेज हवाओं की वजह से हॉट एंड बैलून खेल शुरू नहीं हो पाया। उधर, रावली के पास के हॉट एंड बैलून पहले से ही उड़ाया जा रहा है। मगर, तेज हवा के कारण हॉट एंड बैलून का खेल मौसम साफ होने तक स्थगित कर दिया गया है। उधर, बिजनौर बैराज पर रावली के पास यह चालू रहेगा।
30 जून को बंद होगी राम गंगा बांध से पानी की निकासी
राम गंगा नदी में राफ्टिंग शुरू हो गई है, जिसके चलते यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 30 जून को राम गंगा बांध से पानी की निकासी बंद हो जाएगा, जिससे राफ्टिंग करने में अड़चन आ सकती है। इसको लेकर डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने सिंचाई विभाग से वार्ता करने की बात कही। साथ ही वन्य जीवों से सुरक्षा को लेकर वन विभाग से बातचीत की जाएगी।