- परिषदीय विद्यालयों में शुरु हुई वार्षिक परीक्षाएं
- फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। साेमवार को पहले दिन कक्ष छह से आठ तक खेल एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा थी। कई विद्यालयों में छात्र-छात्राएं ज्यादा थे, तो वहां प्रश्न पत्र कम पहुंचे। कहीं प्रश्नपत्र ज्यादा पहुंचे, तो छात्र कम रहे। शिक्षकों ने बोर्ड पर लिखवाकर परीक्षा कराई।
जिले में 1354 प्राथमिक विद्यालय, 376 उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा कंपोजिट 389 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें दो लाख दस हजार छात्र-छात्राएं वार्षिक परीक्षा के लिए पंजीकृत है। परीक्षाएं 20 मार्च से 24 मार्च तक होंगी। विभाग की ओर से विद्यालयों में प्रश्न पत्र पहले ही भेज दिए गए थे। उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था विद्यालयों ने ही की है। सोमवार को पहली पाली में मौखिक परीक्षाएं हुई। द्वितीय पाली में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं की खेल एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा हुई।
शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा के पहले दिन छात्र-छात्राओं व प्रश्नपत्र ज्यादा कम रहे। कई विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रश्न पत्र कम होने पर बोर्ड का सहारा लिया या फोटो स्टेट कराकर परीक्षा कराई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव ने बताया कि परीक्षा अच्छी तरह हो रही है। दो चार विद्यालयों में प्रश्नपत्र ज्यादा कम हुए थे। सूचना मिलने पर प्रश्न पत्रों की व्यवस्था कराकर परीक्षा कराई गई है।