सट्टा बंद होने पर कलक्ट्रेट में गन्ना भरने का एलान
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में किसी भी किसान का सट्टा बंद होने पर कलक्ट्रेट में गन्ना भरने की चेतावनी दी गई।
गांव स्वाहेड़ी में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि किसान हर साल अपना घोषणा पत्र भरते हैं। अब गन्ना विभाग किसानों से ऑनलाइन घोषणा पत्र भरवा रहा है। जब किसानों का पूरा रिकॉर्ड विभाग के पास है तो उसे ही ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने की व्यवस्था करनी चाहिए। कहा कि गन्ना भुगतान न करने वाली चीनी मिलें ऑनलाइन घोषणा पत्र न भरने पर सट्टा बंद करने की बात कह रही हैं। ऐसा किसी भी सूूरत में नहीं होने दिया जाएगा। अगर किसी भी किसान का सट्टा बंद हुआ तो किसान कलक्ट्रेट में गन्ना भर देंगे। वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि चीनी मिल किसानों को अब भी समय से भुगतान नहीं कर रही हैं। किसानों को भुगतान न मिला तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में गौरव कुमार, अंकुर चौधरी, राजपाल सिंह, परमजीत सिंह, राजवीर सिंह आदि किसान मौजूद रहे।