धामपुर तहसील में भाकियू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते ब्लाक अध्यक्ष अजय कुमार सिंह
- फोटो : DHAMPUR
समस्याओं का निदान न होने पर आंदोलन का एलान
धामपुर (बिजनौर)। भाकियू (अराजनैतिक) कार्यकर्ताओं की मंगलवार को तहसील परिसर में ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें ग्राम सभा स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने को कमेटियों का गठन किया गया। इस दौरान किसानों की समस्याओं का निदान करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को चेताया कि यदि जल्द ही निदान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
मंगलवार को संपन्न हुई बैठक में कार्यकर्ताओं की ओर से संगठन की मजबूती के लिए ब्लॉक महासचिव अरविंद राजपूत, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार, न्याय पंचायत अध्यक्ष मनकुआ भानु प्रताप सिंह ने मोहम्मदपुर सादा से संजय सिंह, सरकड़ा से राम अवतार सिंह, ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभा अध्यक्ष नसीरपुर बनवारी से लेखराज सिंह, ग्राम अमखेड़ा से देवराज सिंह, सरकथल सानी से लोकेंद्र सिंह, गजरौला से अजय पाल सिंह, मोहम्मदपुर सादा से तेज बहादुर सिंह, मनकुआ से सुरेंद्र सिंह को ग्राम पंचायत अध्यक्ष नियुक्त किया है। गठन के बाद किसानों की समस्याओं पर विचार हुआ। जिला उपाध्यक्ष दुष्यंत राणा ने कहा कि गांव पंचायत गजपुरा के गांव रसूलपुर इम्मा में करीब 40 बीघा चरागाह की जमीन खाली पड़ी है। लेकिन प्रशासन द्वारा इसे गोवंश पशुओं के लिए प्रयोग में नहीं लाया जा रहा है। आरोप लगाया कि गांव तीबड़ी में जो विकास विभाग की ओर से गोशाला का निर्माण हुआ है । उसमें कोई सुविधा नहीं है। ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार चौहान ने कहा कि चीनी मिलों को चले तीन माह गए है। लेकिन मिल प्रबंधन ने गन्ना पर्ची पर अभी रेट अंकित नहीं किया है। उन्होंने सरकार से गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल घोषित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने बिजली की दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को उपभोक्ताओं के लिए अन्याय बताया। चेताया कि यदि ऐसा हुआ तो आंदोलन होगा। इस मौके पर दुष्यंत राणा, सुनील कुमार, लेखराज सिंह, लोकेश सिंह, दिनेश कुमार, तरुण कुमार, चेतन चौहान, देवराज सिंह आदि रहे।