विद्युत विभाग की लापरवाही ने ली जान, आंधी में टूटे तार को नहीं जोड़ा था
तीन घंटे शव रखकर बिजनौर-बदायूं मार्ग को रखा जाम, मुआवजा और कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए लोग
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
छाछरी मोड़ (बिजनौर)। विद्युत विभाग की लापरवाही एक जिंदगी पर भारी पड़ गई। बृहस्पतिवार को आंधी नहर पटरी पर आंधी में टूटे तार को नहीं जोड़ा था और उसमें करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आकर जिवेंद्र (35) निवासी छाछरी मोड़ की मौत हो गई और उसका भांजा करंट अक्षत (17) झटका लगने पर दूर जा गिरा,जिससे उसकी जान बच गई। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने शव रखकर बिजनौर-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीण मुआवजा देने और दोषी विद्युतकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर सर्वम सिंह एवं नायब तहसीलदार बिजनौर अनिरुद्ध सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में धरने पर पहुंचे एसडीएम सदर मोहित कुमार एवं भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह एवं भारतीय किसान यूनियन के वर्तमान जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी ने परिजनों से की वार्ता की एसडीएम सदर बिजनौर मोहित कुमार ने परिजनों को पांच दिन के अंदर पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद रविवार शाम करीब 5.50 बजे पर जाम खोल दिया। इस दौरान इंस्पेक्टर कोतवाली सतीश राय, थानाध्यक्ष हीमपुर दीपा राम प्रताप सिंह एवं शाहपुर रेंज चौकी प्रभारी ललित शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी नहीं जोड़ा था तार
बाइक सवार युवक की करंट लगने से मौत के मामले में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को आंधी में टूट कर गिरे तार को रविवार तक भी नहीं जोड़ा था और इसमें करंट भी दौड़ रहा था। जिसके करंट की चपेट में बाइक सवार आ गया। शिकायतों के बाद भी तार नहीं जोड़े जाने के कारण ग्रामीणों में गुस्सा था।
एक साल पहले बड़े भाई की भी सड़क हादसे में हो गई थी मौत
मृतक जिवेंद्र के बड़े भाई की भी एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके बाद उसकी पत्नी की शादी जिवेंद्र से करा दी गई थी। जिवेंद्र अब बड़े भाई के बेटे का लालन पोषण कर रहा था। लोगों का कहना था कि अब कौन जानता था कि उसकी भी मौत हो जाएगी।