बिजनौर, नगीना। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था बेहतर होने पर जहां कर्मचारियों की सराहना की गई वहीं खराब विद्युत व्यवस्था पर जमकर नाराजगी जताई गई। बोर्ड की बैठक में पालिका की तरफ से नगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर पुस्तकालय बनाने, नगर में किसी एक स्थान पर शहीदों के नाम पर एक शहीद स्मारक बनाने व वाटर वर्क्स की जगह पर पालिका का नया भवन बनाने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।
बृहस्पतिवार की दोपहर पालिका सभागार में चेयरपर्सन ताहिरा बेगम की अध्यक्षता व प्रधान लिपिक मदनपाल सिंह व अधिशासी अधिकारी संदीप सक्सेना के संचालन में आयोजित बैठक में पालिका की आय बढ़ाने के लिए बड़ी सब्जी मंडी पर पालिका की खाली पड़ी आरजी पर व्यापारिक कॉम्प्लेक्स बनाने, नगर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नई 750 लाइट खरीदे जाने, सर्दी के मौसम में जरूरतमंद लोगों को 2500 कंबल बांटे जाने, नगीना पार्क में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। सभासद पति जुनैद कुरैशी ने बूढ़ावाली चुंगी मार्ग पर अधूरे पड़े नाले का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में मौजूद चेयरपर्सन के पुत्र शेख शाहनवाज खलील ने बताया कि नगर के हिंदू इंटर कॉलेज मार्ग व गन्ना समिति मार्ग का निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पालिका के डंपिंग ग्राउंड में सरकार की तरफ से एक ऐसा संयंत्र लगाया जा रहा है जिसमें कूड़े के निस्तारण के साथ-साथ बिजली का भी उत्पादन होगा।
बैठक में ईओ संदीप सक्सेना, चेयरपर्सन के पुत्र सेराज खलील, सभासद गोपाल शर्मा, मकसूद उस्मानी, रोहित बिश्नोई, रामकुमार यादव, बृजमोहन बिश्नोई उर्फ बल्ली, बदर मुनीम, सिद्दीक मुल्तानी, कपिल पवार, जुनैद कुरैशी, मोहम्मद तालिब, तलत अहमद, सफाई निरीक्षक धीरज राय वर्मा, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।