- राजकीय कन्या इंटर काॅलेज का मामला, जांच कराए जाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर। राजकीय कन्या इंटर काॅलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा में भाग लेने वाली छात्राओं से परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा है। छात्राओं ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय की 235 छात्राएं प्रयोगात्मक परीक्षाओं में भाग लेंगी, जिनमें 55 छात्राएं संस्थागत एवं 180 छात्राएं व्यक्तिगत हैं। नगर क्षेत्र में स्थित बालिकाओं के लिए एक मात्र राजकीय इंटर कॉलेज है। बता दें कि भ्रष्टाचार की शिकायत पर ज्वाइंट डायरेक्टर मुरादाबाद ने तीन सदस्य टीम गठित कर जांच भी कराई थी। तब संयुक्त निदेशक के आदेश पर डीआईओएस ने तत्कालीन कार्यवाहक प्रधानाचार्या चन्द्रवरुण को पद मुक्त कर दिया गया था। डीआईओएस ने फिर से चन्द्रवरुण को प्रधानाचार्या का चार्ज दे दिया। अभी चार्ज संभाले महीना भर भी नहीं गुजरा कि छात्राओं से अवैध वसूली के आरोप फिर से लगने शुरू हो गए हैं।
इस बार प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली की गई है। प्रत्येक छात्रा से 150 से 200 रुपये वसूले गए हैं। प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित छात्राओं के अभिभावकों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उनसे प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर 150 रुपये लिए गए हैं। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।