- कर्मचारी ने दो चिकित्सकों सहित पांच स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ दी तहरीर
नजीबाबाद। स्वास्थ्य विभाग के पूर्व कोल्ड चेन होल्डर पद पर तैनात रहे कर्मचारी ने दो चिकित्सकों सहित पांच स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि वैक्सीन ढुलान की धनराशि का भुगतान न कर आरोपियों ने गबन किया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नजीबाबाद में कोल्ड चेन होल्डर पद पर कार्यरत नगर के मोहल्ला पाईंबाग निवासी नीरज कुमार ने दो चिकित्सकों डॉ. फैज हैदर, डॉ. सुशील कुमार, बीएमएस निपेंद्र कुमार, एचईओ मनोज कुमार, बीएम महिपाल और सीएमओ ऑफिस में कार्यरत देवेंद्र बाबू पर आरोप लगाया था कि उसके द्वारा वैक्सीन ढुलान की धनराशि का भुगतान न कर आरोपियों ने धनराशि का गबन किया है।
डॉ. फैज हैदर और डॉ. सुशील कुमार ने विभाग को स्पष्ट किया कि तत्कालीन प्रभारी द्वारा लक्खी इंटरप्राइजेज को भुगतान किया जा चुका है। संबंधित इंटरप्राइजेज के खिलाफ नीरज को मामला दर्ज कराना था, लेकिन उसने पुलिस को गुमराह करते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आरोपी बनाकर उनकी छवि को धूमिक किया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. सुशील कुमार ने संबंधित प्राइवेट कंपनी ने हालही में नीरज को उसकी धनराशि का भुगतान किए जाने का भी दावा किया है।