बिजनौर-उत्तराखंड बोर्डर पर वाहनों की चैकिंग करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
हरिद्वार में जहरीली शराब से मौत पर जिले मेें अलर्ट
बिजनौर। हरिद्वार में जहरीली शराब से सात लोगों की मौत पर बिजनौर में भी अलर्ट हो गया है। खासकर उत्तराखंड के बार्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। हाईवे से लेकर कच्चे रास्तों पर भी टीमों ने रविवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। खादर इलाके के गांव में भी छापामारी की जा रही है। दरअसल उत्तराखंड में शराब माफिया की बिजनौर में आने की आशंका पर ऐसा किया जा रहा है।
उत्तराखंड में पंचायत चुनाव चल रहा है। पंचायत चुनाव में कच्ची शराब सप्लाई हो रही है। हरिद्वार के पथरी इलाके में सात लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तराखंड शासन व प्रशासन ने प्रदेश के बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ा दी है। हरिद्वार प्रशासन ने बिजनौर के आबकारी विभाग से भी तालमेल किया है, जिसके चलते आबकारी विभाग ने इसको लेकर बॉर्डर के जनपदों में पुलिस ने जिले की सीमाओं व बॉर्डर के गांवों में चेकिंग शुरू कर दी है। जिले से उत्तराखंड जाने वाले वाहनों को चेकिंग की जा रही है। सीमावर्ती गांवों में पुलिस जांच कर रही है।
रविवार को जिला आबकारी अधिकारी गिरीशचंद के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक मोनिका यादव ने भागूवाला के बॉर्डर पर मोर्चा संभाला। इस बार्डर पर वाहनों की सघन तलाशी ली गई। आबकारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शुक्ला ने कोटद्वार की सीमा पर वाहनों की चेकिंग की। वहीं बालावाली पुल पर आबकारी निरीक्षक हरीश नारायण यादव अपनी टीम के साथ डटे रहे। आबकारी की टीम ने जागरूक करने के लिहाज से पोस्टर भी चस्पा किए हैं।