नगीना। बीमार चल रहे एक युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। घर के आंगन में परिवार के सामने घटित इस घटना को देखकर अफरातफरी मच गई। आनन- फानन परिजनों ने आग बुझाकर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना में युवक का शरीर करीब 60 प्रतिशत जल गया है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि थानाक्षेत्र के ग्राम बिंजाहेडी निवासी टिंकू सैनी (30 वर्ष) काफी दिनों से बीमार चल रहा था। मंगलवार की दोपहर उसकी पत्नी ने उससे अपनी दवाई लाने को कहा तो वह नाराज होकर घर से बाहर चला गया। बताया जाता है कि कुछ देर बाद वह घर के भीतर आया तथा वहां खड़ी बाइक से पेट्रोल निकाल कर परिजनों की मौजूदगी में अपने ऊपर छिड़क लिया तथा आग लगा ली। आनन-फानन में परिजनों ने युवक के शरीर में लगी आग को बुझाकर उसे गंभीर अवस्था में एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि युवक करीब 60 प्रतिशत जल गया है। लेकिन उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।