न्यायिक कार्यों से विरत रहे अधिवक्ता
नगीना। नगीना देहात थाना अध्यक्ष के अशोभनीय व्यवहार तथा थाना अध्यक्ष नगीना देहात के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगीना बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बृहस्पतिवार सुबह बार भवन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विजय पाल सिंह की अध्यक्षता व नरेंद्र पाल सिंह एडवोकेट की उपस्थिति में बैठक हुई। जिसमें शानू चौधरी एडवोकेट के प्रार्थना पत्र पर प्रस्ताव पारित हुआ। बताया गया कि 18 जुलाई की शाम हीमपुर, थाना कोतवाली देहात निवासी राजीव उर्फ बबलू, वीरेंद्र, धर्मवीर, रक्षित, अश्वनी ने ग्राम कोटकादर थाना नगीना देहात निवासी अधिवक्ता शानू चौधरी पुत्र अधिवक्ता देवेंद्र चौधरी को कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया। कहा गया कि इस घटना की रिपोर्ट लिखवाने थाना अध्यक्ष नगीना देहात को तहरीर दी। थाना अध्यक्ष ने बाद में चिक ले जाने के लिए कहा तथा बाद में मात्र हल्की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया। शानू चौधरी पर फैसले के लिए दबाव बनाया गया, इससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।