आईटीआई की रिक्त सीटों पर आज से प्रवेश
बिजनौर। जनपद में संचालित राजकीय एवं निजी आईटीआई में प्रारंभ हुए प्रशिक्षण सत्र में प्रवेश के लिए एक और मौका अभ्यर्थियों दिया है। आईटीआई में 413 सीट और महिलाओं की आरक्षित ट्रेडों में 235 सीटें रिक्त हैं। इन रिक्त ट्रेड में आज 22 सितंबर तक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसमें ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में आवेदन किया था, किंतु उनका चयन अभी तक नहीं हो पाया है, वह अपना ट्रेड एवं संस्थान का विकल्प परिवर्तन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी जिनका चयन हो गया था, किंतु किन्हीं कारणों से वह प्रवेश नहीं ले पाए हैं। वह भी रिक्त सीटों के सापेक्ष विकल्प भर सकते हैं। नए अभ्यर्थी भी प्रवेश के लिए रिक्त सीटों पर आज ही आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। जनपद की आईटीआई में विशेष रूप से महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न ट्रेडों के लिए 548 सीट स्वीकृत हैं। इनमें से ट्रेड कॉस्मेटोलॉजी में 24 सीट, सीविंग टेक्नोलॉजी में 83, ड्रेस मेकिंग में 78, कंप्यूटर ऐडेड एंब्रॉयडरी में 16, स्टेनों हिंदी में एक तथा फैशन टेक्नोलॉजी में 16 सीटें रिक्त रह गई हैं।
आईटीआई की कुल 413 सीटें रह गईं रिक्त
17 सितंबर तक तीसरे चरण में हुए प्रवेश के उपरांत जनपद की राजकीय आईटीआई में 1968 सीट हैं, जिसमें से 1655 विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश हो गए हैं। अभी 413 सीटें रिक्त रह गई हैं। राजकीय आईटीआई के प्रधान सहायक राकेश शर्मा ने बताया कि आईटीआई में सीविंग टेक्नोलॉजी में 83, ड्रेस मेकिंग में रिक्त 78 सीटों पर प्रवेश के लिए महिलाएं आवेदन करें। इन ट्रेड के लिए आठवीं पास महिलाएं आवेदन कर प्रवेश प्राप्त कर सकती हैं। राजकीय आईटीआई बिजनौर के प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने कहा कि रिक्त सीटों पर अभ्यर्थी केवल आज ही प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।