रेहड़। आला अधिकारियों ने क्षेत्र में गुलदार को लेकर चल रही वन विभाग की तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उधर ग्रामीणों ने गुलदार के जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।
गुलदार को काबू करने के लिए वन विभाग कैमरा ट्रैप, पिंजरे ड्रोन आदि की मदद से ढूंढने का भरसक प्रयास कर रहा है। शनिवार एडीम अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम धामपुर मोहित कुमार आदि ने जीरो प्वाइंट, बादशाहपुर, भटपुरा, सादकपुर आदि में गुलदार के पद चिह्नों तथा मचान, पिंजरे , कैमरा ट्रैप आदि का निरीक्षण किया। वन कर्मियों ने गुलदार की घेराबंदी की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया की रोज शाम को पिंजरों में बकरी तथा कुत्ता आदि रखे जा रहे हैं। गुलदार के पग चिह्नों को भी आधार बनाया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घेराबंदी को लेकर वनकर्मियो को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। खौफजदा ग्रामीणों ने अधिकारियों से गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की। इस मौके पर एसडीओ अंशुमान मित्तल, रेंज अफसर खुशबू उपाध्याय सहित वनकर्मी मौजूद रहे।