अतिक्रमण मिला तो व्यापारियों पर होगी कार्रवाई
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने व्यापारियों से मुख्य बाजारों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। भारी वाहनों के प्रतिबंधित समय में नगर में प्रवेश पाए जाने पर वाहन सीज किए जाएंगे। एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बुधवार को व्यापारियों के साथ थाने में बैठक की। जिसमें प्रतिष्ठानों के बाहर और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए कहा गया। थाना प्रभारी राधेश्याम, अपराध निरीक्षक अर्जुन सिंह की उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान के बाहर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ अर्थदंड तथा अन्य कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापारी नेता कपिल सराफ, मुकुल अग्रवाल सराफ, राजन टंडन गोल्डी, तसनीम सिद्दीकी, हर्षित सराफ, मयंक वर्मा, राजकमल, सुमन वर्मा, गीता केसले, शैलेश गुप्ता, मोहम्मद नासिर आदि उपस्थित रहे।