नगीना। मोहल्ला शाह जहीर में अवैध रूप से बाजार लगाने वालों के खिलाफ अब पालिका प्रशासन ने सख्ती अपनाने का निर्णय लिया है। पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध तौर पर बाजार लगा तो सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजीत अग्रवाल व नगर अध्यक्ष नीरज बिश्नोई के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार की सुबह एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह से मिलकर नगर के मोहल्ला शाह जहीर व सरायमीर में शुक्रवार के दिन अवैध तौर पर लगने वाले बाजार पर रोक लगाने कि मांग की थी। भाजपा नेताओं की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी व पुलिस को इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर पालिका प्रशासन ने नगर में लाउडस्पीकर से घोषणा कराकर शुक्रवार के दिन बाजार लगने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
नगर के मोहल्ला शाह जहीर में शुक्रवार के दिन अवैध तौर पर बाजार लगाए जाने की शिकायत पिछले कई वर्षों से चली आ रही है। पालिका प्रशासन समय-समय पर बाजार को बंद भी कराता आया है, लेकिन बेखौफ दुकानदार बाजार लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।