छात्रा को घायल करने के आरोपी की गोली मारकर हत्या
बिजनौर। 10वीं की छात्रा को धारदार हथियार से वार कर घायल करने के आरोपी युवक इंद्रजीत (24) निवासी दारानगर गंज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। घायल छात्रा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के परिजनों ने प्रेम संबंधों के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
इंद्रजीत गांव दारानगर गंज के पपेंद्र का पुत्र था और उसका शव शनिवार की शाम गंगा के खादर क्षेत्र में पड़ा मिला। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। आरोपी युवक के खिलाफ पड़ोस के एक घर में घुसकर 10वीं की छात्रा को दबोचने और विरोध करने पर धारदार हथियार से वारकर घायल करने का आरोप लगा था। शनिवार दोपहर ही युवक के खिलाफ छात्रा के परिजनों ने तहरीर पुलिस को सौंपी थी। इंद्रजीत पंजाब में रहकर ट्रक चलाता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग इंद्रजीत को घर से उठाकर ले गए थे और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
शव मिलने के बाद बदली कहानी, ऑनर किलिंग की आशंका
बिजनौर। शनिवार दोपहर जिस युवक के खिलाफ छात्रा को दबोचने और धारदार हथियार से वार कर घायल करने की तहरीर सौंपी गई थी, शाम को उसका शव गंगा खादर में मिल गया। परिजनों के आरोप से पूरे मामले की कहानी बदल रही है। परिजन प्रेम संबंधों के चलते युवक की हत्या का आरोप छात्रा के परिजनों पर लगा रहे हैं।
दारानगर गंज के गंगा खादर में युवक इंद्रजीत का शव मिलने की सूचना पर एसपी दिनेश सिंह, एसपी सिटी डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह, सीओ सिटी अनिल कुमार और शहर कोतवाल रविंद्र वशिष्ठ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंद्रीजत के खिलाफ पड़ोस की 10वीं की छात्रा के परिजनों ने शनिवार की दोपहर पुलिस को तहरीर सौंपी थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया गया था कि इंद्रजीत शुक्रवार रात देर शाम घर में घुस गया और 10वीं की छात्रा को दबोच लिया। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर छात्रा को घायल कर दिया।
अस्पताल में भर्ती छात्रा ने आरोप लगाया कि इंद्रजीत पिछले 20 दिनों से उसका पीछा कर रहा था और लगातार शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। शुक्रवार की देर शाम जब वह बाथरूम गई तो इंद्रजीत ने आकर उसे पकड़ लिया। शोर मचाने पर वह धारदार हथियार से घायल कर भाग निकला। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उक्त लड़की के साथ इंद्रजीत के प्रेम संबंध थे। लड़की के परिवार में भी इंद्रजीत काफी घुल मिल गया था। इन्होंने आरोप लगाया है कि घर पर आए कुछ लोग उसे घर से उठाकर ले गए और गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में एएसपी सिटी डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले के जल्द खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।