जबरन शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराने का आरोपी गिरफ्तार
मंडावली/नजीबाबाद। क्षेत्र पंचायत सदस्य पर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास लाने के लिए दबाव बनाने के मामले में बीडीसी सदस्य की ओर से एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ब्लॉक के गांव राहतपुर निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य ताजेंद्र कुमार राजपूत ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। उनका आरोप है कि गांव जसपुर निवासी धर्मेंद्र ने उसके घर पर आकर कहा कि वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार के पक्ष में प्रचार कर रहा है। धर्मेंद्र ने वर्तमान ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की बात कही। आरोप है कि धर्मेंद्र ने उससे वर्तमान ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास लाने के लिए शपथ पत्र देने का दबाव बनाया। आनाकानी करने पर मारपीट की। पुलिस ने बीडीसी सदस्य ताजेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उधर ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह के समर्थकों का आरोप है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव न लाने के दिशा-निर्देश के बावजूद कुछ लोग क्षेत्र के विकास को अनदेखा कर पार्टी दिशा-निर्देश के विपरीत बीडीसी सदस्यों को अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए उकसा रहे हैं।