नजीबाबाद। रेलवे टिकट खिड़की पर अब यात्रियों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर दर्ज कराने के बाद ही दो हजार रूपये के नोट से टिकट की खरीदारी करनी होगी। सीनियर डीसीएम मुरादाबाद ने इस संबंध में रेलवे स्टेशनों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा दो हजार रूपये के नोट चलन से बाहर करने के फैसले के बाद रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। सीनियर डीसीएम मुरादाबाद सुधीर सिंह ने स्टेशनों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी यात्री को दो हजार रुपये का नोट लाने पर टिकट खरीदारी से न रोका जाए। सीनियर डीसीएम ने दो हजार रुपये के नोट से टिकट खरीदने और आरक्षण के लिए आने वाले यात्रियों से उनका आधार नंबर और मोबाइल नंबर लेकर उन्हें टिकट संबंधी सुविधाएं जारी रखने को कहा है। स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर आने वाले दो हजार रुपये के नोट से संबंधित ब्योरा पंजिका में सूचनाएं दर्ज करने को कहा गया है।
उधर दो हजार रुपये के नोट चलन से बाहर किए जाने की सूचना से बड़े कारोबारियों, प्रोपर्टी डीलरों आदि में हड़कंप है। काफी समय से बैंकों में दो हजार रुपये के नोट से नाम मात्र को लेनदेन किया जा रहा था। जहां बैंकों में दो हजार रुपये के नोट पहुंचने शुरू हो गए हैं वहीं बाजारों में भी दो हजार रुपये के नोटों से खरीदारी की जा रही है। कुछ कारोबारी दो हजार रुपये से ग्राहकों को खरीदारी करा रहे हैं, जबकि कुछ कारोबारी और फुटकर दुकानदार दो हजार रुपये खुले न होने की बात कहकर टरका रहे हैं।