नूरपुर। मायके में रह रही महिला ने ससुराल चलने से मना किया तो आरोपी पति पांच माह के बच्चे को छीनकर ले गया। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। हालांकि महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई करने से मना कर दिया।
गांव गोपालपुर निवासी एक व्यक्ति की शादी पास के गांव बेड़ा सादात निवासी युवती से हुई थी। महिला कुछ दिन पहले अपने पांच माह के पुत्र को लेकर मायके आई थी। शनिवार रात महिला का पति ससुराल पहुंचा और पत्नी से रात में ही घर चलने को कहा। देर रात पति के साथ जाने से मना करने पर वह पत्नी की गोद से अपने पांच माह के बच्चे को छीनकर भाग गया। महिला ने इस मामले की सूचना 112 पर फोन कर दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे व महिला के पति की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि पुलिस ने रात में टीम बनाकर बच्चे व उसके पिता की तलाश की। कुछ देर में बच्चा व पिता मिल गए। परिजनों के कार्रवाई करने से मना करने पर बच्चा उसकी मां को सौंप दिया गया।