बिजनौर। विदेश से लौट रहे चांदपुर के एक युवक की हवाई यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शव चांदपुर लाने के बाद बुधवार रात उसका दफीना कर दिया गया। चांदपुर के मोहल्ला काजीजादगान में रहने वाले खैराती का 25 साल का पुत्र नौशाद रोजगार की तलाश में यूएई के अलकबीस गया था। 17 नवंबर को वह वहां से लौट रहा था। यात्रा के दौरान हवाई जहाज में उसकी तबीयत खराब हो गई। हवाई जहाज की इमरजेंसी लैंडिंग कराकर पाकिस्तान में उतारा गया। नौशाद को कराची के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को नौशाद का शव दिल्ली पहुंचा। वहां से शव चांदपुर लाया गया। रात में उसका शव सुपुर्दे खाक कर दिया गया। नौशाद की फरवरी में शादी होनी थी। नौशाद ने 17 नवंबर की सुबह हवाई जहाज में यात्रा करने से पहले परिजनों से बात की थी। तब वह सही सलामत था।