पैजनिया। क्षेत्र के गांव बसावनपुर में नहर की पुलिया पर मैक्स और कार की टक्कर में कार सवार पैजनिया निवासी ललित पुत्र विजय पाल की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के चार लोग घायल हो गए। शुक्रवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे पैजनिया निवासी विजय पाल का पुत्र ललित अपने ताऊ बाबूराम पाल, राजवीर पाल, ओमी पाल व भतीजे गौरांश के साथ कार से बसावनपुर से अपने गांव लौट रहे थे। नहर की पुलिया पर पशुओं से लदी मैक्स गाड़ी ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में सभी कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी नहटौर भिजवाया। गंभीर रूप से घायल ललित को बिजनौर हायर सेंटर भेज दिया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। करीब दो माह पूर्व भी इसी परिवार के बाबूराम पाल एवं उनका पुत्र संजीव घर के सामने ही सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। लंबे उपचार के बाद संजीव ने दम तोड़ दिया था। दो माह के भीतर परिवार के दो युवकों की मौत से शोक व्याप्त है।