धामपुर के ग्राम सुहागपुर में बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ा युवक स्रोत पुलिस विभाग
धामपुर। नया मोबाइल फोन दिलाने के लिए परिवार से विवाद से बाद गांव सुहागपुर में 25 वर्षीय युवक सोनू बिजली के पावर ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आरोपी को नीचे उतारा और पूछताछ के बाद चालान कर दिया। सोनू शादीशुदा है। गांव के लोगों ने बताया कि युवक नशे का आदी है। विवेचनाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी युवक कई बार मोबाइल फोन बेच चुका है या फिर किसी दुकान पर गिरवी रख चुका है। परिवार के लोग कई बार फोन छुड़ा चुके हैं लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। रविवार को भी आरोपी ने परिवार के लोगों से नया फोन लेने को विवाद किया। बात नहीं बनी तो दबाव बनाने को टावर पर चढ़ गया। जैसे ही 112 नंबर पर पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची।