नहटौर। रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने निकली महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। महिला अपने सगे भाइयों को राखी बांधने के बाद फुफेरे भाई को राखी बांधने जा रही थी, लेकिन रास्ते में बाइक से गिरने के कारण उसकी जान चली गई। हादसे के बाद फुफेरे भाई की कलाई राखी के इंतजार में सूनी रह गई। नगर के मोहल्ला होलियान निवासी रानी (45) पत्नी संजय बृहस्पतिवार को अपने सगे भाइयों को राखी बांधने के लिए नगीना गई थीं। वहां राखी बांधने के बाद वह अपने छोटे बेटे विजय के साथ हल्दौर क्षेत्र के गांव पावटी में रहने वाले फुफेरे भाई को राखी बांधने के लिए बाइक से जा रही थीं। बताया गया कि पैजनिया रोड पर ब्रेकर पर बाइक उछल गई। इससे बाइक पर पीछे बैठी रानी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए बिजनौर के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रानी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक व्याप्त हो गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले आए।