पुलिस ने सूझबूझ से बचाई युवक की जान
गन्ने के ट्रक के नीचे दबे युवक के बचने की किसी को उम्मीद नही थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई व सूझबूझ ने उसकी जान बचा ली।
शनिवार की रात जब मैजिक चालक अनुराग के गन्ने के ट्रक के नीचे दबने की सूचना मिली तो नूरपुर व शिवाला कलां पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने दो क्रेन व एक जेसीबी की मदद से गन्ना हटवाना शुरू किया, लेकिन गन्ना बार बार फिसलकर वहीं गिर जाता था।
यह भी पढ़ें: BAGHPAT: हिंडन व कृष्णा नदी पुल की तकनीकी जांच शुरू, बड़ौत-मेरठ मार्ग रूट किया डायवर्ट
काफी देर बाद नूरपुर थानाध्यक्ष नीरज शर्मा की सलाह पर दोनों क्रेनों की मदद से पूरे टूक को गन्ने समेत उठाया गया और उसके नीचे दबे अनुराग को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि मैजिक के केबिन में होने के कारण उसे गैप मिल गया और ट्रक का पूरा बजन अनुराग के ऊपर नही आया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।