तेज रफ्तार दौड़ रही गाड़ी से मची भगदड़
पैजनिया। फिल्मी स्टाइल में गांव के बीच से तेज रफ्तार दौड़ रही बोलेरो गाड़ी से भगदड़ मच गई। गांव वालों ने किसी तरह गाड़ी को रुकवाते हुए उसमें सवार दो नशेड़ी युवकों की पिटाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया।
सोमवार रात चांदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सलमान अपने साथी के साथ बोलेरो गाड़ी से शेरपुर पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक नशे में थे। युवकों ने तेज रफ्तार गाड़ी गांव के बीचोबीच से निकाली तो गांव में भगदड़ मच गई। युवकों की गाड़ी पहले सड़क पर पड़े एक बड़े पत्थर और बाद में चबूतरे पर टकरा गई। कई ग्रामीण तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से बाल बच गए। हालांकि कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए गाड़ी को बल्ली लगाकर रुकवा लिया। कार में सवार दोनों युवकों की पिटाई करते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। ग्राम प्रधान हेमेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की बोलेरो अभी गांव में ही खड़ी है। उधर, बाल किशनपुर चौकी पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।