बिजनौर। पूर्ति विभाग की ओर से थाना चांदपुर में एचपी गैस एजेंसी के स्वामी अमन अग्रवाल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि सूचना के आधार पर शुक्रवार को पूर्ति विभाग के निरीक्षकों की टीम ने चांदपुर में छापा मारा था। टीम को एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय और अधिकृत गोदाम से काफी दूर घनी आबादी में गोदाम मिला। इसमें रसोई गैस के 26 भरे हुए और 30 खाली सिलिंडर रखे मिले। अवैध गोदाम में अग्निशमन के इंतजाम भी नहीं थे। साथ ही एजेंसी के स्टॉक से सिलिंडर का मिलान भी नहीं हो पाया। जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप ने बताया कि गैस सिलिंडर की कालाबाजारी की जा रही थी। उक्त सिलिंडर अवैध गोदाम में रखे हुए थे। मामले में डीएम की संस्तुति के बाद एजेंसी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।