नहटौर। मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम चक गोवर्धन में घर में जल रहे दीये की बत्ती खींचकर चूहा कपड़ों के पास ले गया। इससे घर में आग लग गई। आग से करीब सवा लाख रुपये का सामान जल गया। ग्राम निवासी बालकराम की पुत्री लक्ष्मी सुबह पूजा करने के बाद दीया जलता छोड़कर खेतों पर चली गई थी। इसी दौरान चूहा दीये की जलती बत्ती खींचकर कपड़ों के ढेर तक ले गया। इससे कपड़ों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कमरे में रखे कपड़े, फर्नीचर, खाद्य सामग्री और जरूरी कागजात जल चुके थे। सूचना पर पहुंचे लेखपाल दुष्यंत कुमार ने मौके का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।